उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौनी का दौर जारी है, जबकि पर्वतीय इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय बना हुआ है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में घने बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
शनिवार सुबह देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई। दिनभर धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का सिलसिला जारी रहा। तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।