👉 NSS शिविर में सेवा, संस्कार और जागरूकता का संगम, चौथे दिन विविध गतिविधियां आयोजित
📝 समाचार:
टिहरी गढ़वाल, 27 मार्च 2026। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस पर सेवा, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। दिन की शुरुआत प्रातःकालीन प्रार्थना सभा एवं योग अभ्यास से हुई, जिसमें विश्वविद्यालय परिसर की योग प्रशिक्षक श्रीमती सरोज चौहान ने स्वयंसेवियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।
इसके पश्चात स्वयंसेवियों को विभिन्न टोलियों में विभाजित कर ग्राम सैंकरी सैंण में सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण के साथ जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया गया। श्री भीम सिंह पुंडीर द्वारा स्वयंसेवियों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई, जबकि कुछ छात्रों ने भजन-कीर्तन एवं अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
दोपहर में सभी स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से मध्यान भोजन ग्रहण किया। इसके उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में एसबीआई अंजनीसैंण से उपस्थित बैंक कर्मी पूजा डोभाल एवं अंबिका मैठाणी ने बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय साक्षरता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
संस्कृत विषय के विशेषज्ञ डॉ. मधुसूदन सती ने जीवन में अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के परीक्षा नोडल एवं हिंदी विभाग के डॉ. मनीष पवार ने छात्र-छात्राओं को व्यवहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी एस. के. भट्ट ने बैंकिंग विभाग एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। सायंकाल में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं ने शिविर के वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
इस अवसर पर डॉ. वर्षा वर्मा, डॉ. वेदनिधि गोनियाल, श्री अखिलेश कुमार सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





