मथुरा के वृंदावन से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राधाष्टमी के अवसर पर परिवार के साथ ब्रज दर्शन के लिए पहुंचे 19 वर्षीय अग्निवीर हर्ष बिष्ट की यमुना में डूबने से मौत हो गई। उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी हर्ष अपनी दोनों बहनों भारती और बबीता तथा ममेरे भाई गौरव के साथ बरसाना और नंदगांव में दर्शन करने के बाद वृंदावन पहुंचे थे।
रविवार सुबह करीब नौ बजे हर्ष जुगल घाट पर यमुना में स्नान करने उतरा। बताया गया कि स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और संतुलन बिगड़ने से नदी में डूब गया। हादसा होते ही घाट पर चीख-पुकार मच गई।
हर्ष को बचाने के लिए वहां मौजूद एक बाबा ने बिना देर किए यमुना में छलांग लगा दी। उन्होंने युवक तक पहुंचने की कोशिश की और कुछ पल के लिए उसके बाल भी पकड़ लिए, लेकिन पानी की गहराई और परिस्थितियों के कारण उसे बाहर नहीं निकाल सके। इसके बाद स्थानीय नाविकों ने भी तलाश शुरू की।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रविवार देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार को दोबारा तलाशी के दौरान उसी इलाके से हर्ष का शव बरामद कर लिया गया। परिवार की धार्मिक यात्रा देखते ही देखते एक ऐसी दर्दनाक याद में बदल गई, जिसे वे शायद कभी भूल नहीं पाएंगे।
