उत्तराखंड के दुर्गम पहाड़ी जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार ने एक अहम पहल की है। रुद्रप्रयाग जिले में गर्भवती महिलाओं के लिए हेली सेवा शुरू की गई है, जिसके तहत अब दूरस्थ क्षेत्रों से महिलाओं को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सीधे अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इस सेवा का उद्देश्य समय पर उपचार उपलब्ध कराकर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है।
सेवा के पहले ही दिन जखोली क्षेत्र की निवासी उदिना को इसका लाभ मिला। दुर्गम इलाके में रहने वाली उदिना को बुधवार को हेलीकॉप्टर के जरिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लाया गया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उसका सुरक्षित प्रसव कराया जाएगा। समय पर अस्पताल पहुंचने से परिवार ने राहत की सांस ली।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, यह सुविधा विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए कारगर होगी जहां सड़क संपर्क सीमित है। वहीं स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशों पर यह पहल शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि यह सेवा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए जीवन रक्षक साबित होगी और भविष्य में इसका विस्तार कर अधिक क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि हर महिला को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।