मणिपुर में शहीद हुए बागेश्वर के वीर सपूत बलवंत सिंह खेतवाल, पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर
बागेश्वर। उत्तराखंड की वीरभूमि ने एक बार फिर देश की रक्षा के लिए अपना एक बहादुर सपूत खो दिया। बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र के रहने वाले असम राइफल्स के वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह खेतवाल मणिपुर में ड्यूटी के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। उनके सर्वोच्च बलिदान की खबर मिलते ही पूरे जिले और प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। पैतृक गांव भाटनीकोट (तुपेड) में मातम का माहौल है और हर आंख अपने वीर सपूत को याद कर नम हो उठी है।
बलवंत सिंह खेतवाल पिछले लगभग 15 वर्षों से अपने परिवार के साथ हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित मोती नगर, जगदंबा कॉलोनी में रह रहे थे। हालांकि उनका मन हमेशा अपने पैतृक गांव से जुड़ा रहा। परिवार में शादी-विवाह, धार्मिक अनुष्ठान या गांव का कोई भी महत्वपूर्ण आयोजन होता, तो वह हर हाल में गांव पहुंचने का प्रयास करते थे। उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सभी के प्रति सम्मान की भावना के कारण गांव के हर व्यक्ति से उनका गहरा जुड़ाव था।
ग्राम प्रधान संतोष खेतवाल के अनुसार, बलवंत सिंह बेहद विनम्र और मददगार व्यक्ति थे। गांव आने पर वह हर किसी से आत्मीयता से मिलते थे और गांव के विकास तथा लोगों की समस्याओं की भी चिंता करते थे। उनके शहीद होने की खबर ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटे पर पूरे क्षेत्र को गर्व था, अब वही तिरंगे में लिपटकर अपने घर लौटेगा। यह सोचकर परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं।
बलिदानी बलवंत सिंह खेतवाल अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है। परिवार में उनके छह भाई और पांच बहनें हैं। शहादत की खबर मिलते ही उनके भाई और अन्य परिजन हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए। पैतृक गांव भाटनीकोट के रेखाल (बनडूंगरा) तोक में शोक का माहौल है और लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
उत्तराखंड लंबे समय से देश को बहादुर सैनिक देता रहा है और राज्य के जवानों ने हर मोर्चे पर अपने साहस और समर्पण का परिचय दिया है। बलवंत सिंह खेतवाल की शहादत भी उसी गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने अंतिम सांस तक अपने कर्तव्य का पालन करते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका यह त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।
गढ़वालतक परिवार वीर शहीद बलवंत सिंह खेतवाल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।