उत्तराखंड में बारिश का कहर: सुरकंडा देवी कद्दूखाल में होटल का हिस्सा और मकान ढहा, बड़ा हादसा टला
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और भू-धंसाव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में टिहरी गढ़वाल के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल सुरकंडा देवी कद्दूखाल में भारी बारिश के कारण एक होटल का हिस्सा और एक मकान भरभराकर ढह गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी की मिट्टी कमजोर हो गई थी। इसी कारण कुछ ही सेकंड में मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया, जबकि पास स्थित होटल का एक हिस्सा भी ढह गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूरी इमारत 10 से 15 सेकंड के भीतर गिरती हुई दिखाई दे रही है।
राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने खतरे को देखते हुए पहले ही भवनों को खाली करा लिया था। इस कारण घटना के समय किसी भी व्यक्ति के अंदर मौजूद न होने से कोई जनहानि नहीं हुई। यदि समय रहते एहतियाती कदम नहीं उठाए जाते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और आसपास की अन्य खतरनाक इमारतों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने भी उत्तराखंड के कई जिलों में आगामी दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास न जाने तथा मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।