सितारगंज हादसा: खरीदारी से लौट रही बहनों को कार ने रौंदा, दो की मौत

0

uttarakhand news

n71037514317774529987855f9f7db0b5975fd6e2bace9fa487eb63774d7c3da8218ffdbb4e4e34dde8fb1d.jpg

(उत्तराखंड): किच्छा हाईवे पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दो सगी बहनों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब तीन बहनें शादी की खरीदारी कर खुशी-खुशी अपने घर लौट रही थीं।

जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी हिना (22) पुत्री रईस अहमद और सिरौलीकलां, किच्छा निवासी निशा (25) पत्नी तौफीक अहमद अपनी ममेरी बहन रूबी (23) के साथ अपने भाई मो. जाकिर की शादी के लिए खरीदारी करने सितारगंज बाजार आई थीं। खरीदारी के बाद तीनों बहनें ई-रिक्शा से वापस घर लौट रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नयागांव के पास हाईवे किनारे जब तीनों बहनें ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं, तभी सितारगंज की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई और सीधे ई-रिक्शा से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

घटना में ई-रिक्शा सवार अन्य यात्री—सिसैया निवासी रामकुमार गुप्ता (71), राजेश्वरी गुप्ता (65), डालचंद कश्यप (26) और प्रेमपाल गंगवार (52)—भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में से चार को सितारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीनों बहनों को उप जिला अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हिना और निशा ने दम तोड़ दिया, जबकि रूबी का इलाज अभी जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजन और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed