उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भीमताल-भवाली मार्ग पर मंगलवार शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब सड़क पार कर रहे एक तेंदुए की चलती बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा खुटानी के पास करीब शाम 7:30 बजे हुआ, जब यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ अचानक पहाड़ी की ओर से सड़क पर उतरा और तेजी से पार करने की कोशिश में एक बाइक से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हालांकि, उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, हादसे के बाद तेंदुए का एक पैर बाइक के पिछले टायर में फंस गया, जिससे वह सड़क पर ही छटपटाता रहा। तेंदुआ खुद को छुड़ाने की कोशिश में काफी देर तक दहाड़ता रहा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने लगे, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम भी लग गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से तेंदुए को ट्रेंकुलाइज किया गया और काफी मशक्कत के बाद उसे बाइक के टायर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेंजर विजय मेलकानी ने बताया कि तेंदुए को प्राथमिक उपचार के बाद रेस्क्यू सेंटर रानीबाग भेज दिया गया है, जहां उसकी निगरानी की जा रही है। फिलहाल तेंदुए की हालत स्थिर बताई जा रही है, और वन विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
