

ऋषिकेश से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां दिल्ली से परिवार के साथ घूमने आए एक 18 वर्षीय युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत मालकुंठी पुल के पास की है, जहां युवक नहाने के दौरान अचानक गंगा की तेज धारा में बह गया।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान वंश (18 वर्ष), पुत्र तकदीर, निवासी निजामपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वंश अपने परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने आया था और गंगा में स्नान करने के लिए नदी में उतरा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन गंगा की तेज लहरों और गहराई के कारण वह धीरे-धीरे बहता हुआ नजरों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में डीप डाइविंग टीम और ब्यासी यूनिट लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई हैं। स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू अभियान में सहयोग कर रही है।
फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है और सर्च अभियान जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।