देहरादून समेत उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया है। रविवार सुबह शहर की शुरुआत घने काले बादलों के साथ हुई, जिससे दिन के उजाले में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के आठ जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को जहां देहरादून में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली जारी रही, वहीं शाम होते-होते मौसम ने तीखा रुख अपना लिया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने तापमान में गिरावट ला दी। शाम करीब सात बजे शहर के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
आगे के दिनों में भी मौसम का असर जारी रहने की संभावना है। चार और पांच मई को कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जिसमें ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।