टिहरी में आसमान में मौत का खेल! हाईटेंशन तार में फंसा हेलीकॉप्टर, महिला पायलट बनी देवदूत

0

Tehri Garhwal

2db6f85f4725d3e0893774b212e8117c.jpg

टिहरी में बड़ा हादसा टला: हाईटेंशन लाइन में फंसा हेलीकॉप्टर, महिला पायलट की सूझबूझ से बचीं 7 जिंदगियां

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चंबा-आराकोट से लेकर सत्यो-सकलाना क्षेत्र के ऊपर उड़ रहा एक हेलीकॉप्टर अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे के दौरान हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में बिजली का तार फंस गया, जिससे कुछ देर के लिए आसमान में बड़ा संकट खड़ा हो गया। हालांकि महिला पायलट की सूझबूझ, धैर्य और बहादुरी ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविऐशन कंपनी का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी जा रहा था। इसी दौरान गुप्तकाशी में अचानक वीआईपी मूवमेंट होने के कारण पायलट को हेलीकॉप्टर सीधे देहरादून ले जाने के निर्देश मिले। निर्धारित रूट बदलने के बाद हेलीकॉप्टर चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर से गुजर रहा था, तभी उसके पिछले हिस्से में हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तार फंसते ही हेलीकॉप्टर हवा में अनियंत्रित होकर तेज हिचकोले खाने लगा और तेजी से नीचे आने लगा। इस भयावह स्थिति से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि भारी बिजली तार हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से में फंसा हुआ कई किलोमीटर तक घिसटता रहा, जिससे हेलीकॉप्टर का पिछला भाग क्षतिग्रस्त हो गया।

इसके बावजूद महिला पायलट ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को नियंत्रित रखा और सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खुले खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों ने महिला पायलट को “जिंदगी बचाने वाली फरिश्ता” बताते हुए उनकी जमकर सराहना की। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed