नैनीताल में दर्दनाक हादसा: 100 फुट गहरी खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौत, एक गंभीर घायल
उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी के जिले नैनीताल में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने घायल व्यक्ति और शवों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है और मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

