ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों पर बवाल: लड़की से बदसलूकी के आरोप में भीड़ का कहर, युवक को निर्वस्त्र कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
उत्तराखंड के ऋषिकेश में हरियाणा से आए दो पर्यटकों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने सड़क किनारे खड़ी एक नाबालिग लड़की की ओर कार के अंदर से आपत्तिजनक इशारे किए, जिसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और दोनों युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया गया।
घटना हरिद्वार रोड स्थित काली के ढाल क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लड़की ने आसपास मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोग आरोपियों के पास पहुंचे और विरोध जताया। हालांकि, दोनों पर्यटकों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ती गई और मामला हिंसा में बदल गया।
भीड़ ने पहले युवकों को कार के अंदर पीटा, फिर उन्हें बाहर खींच लिया। एक युवक के कपड़े उतारकर उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जबकि दूसरे युवक को भी बुरी तरह मारा गया। वायरल वीडियो में भीड़ गालियां देते हुए युवकों पर हमला करती दिखाई दे रही है। गुस्साए लोगों ने उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए। बताया जा रहा है कि कार के अंदर से शराब की बोतल भी मिली है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घायल युवकों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपों की पुष्टि में जुटी हुई है।
