


ऋषिकेश में बड़ा हादसा: गंगा किनारे फोटो खिंचवाते समय यूपी के दो युवक तेज बहाव में बहे
ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र में गंगा किनारे फोटो खिंचवाना दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हो गया। अमरोहा, उत्तर प्रदेश से घूमने आए चार दोस्तों में से दो युवक डबल-ट्रिपल बीच के पास अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना उस समय हुई जब दोनों युवक नदी किनारे खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के आगे उनकी एक न चली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइवरों की मदद से सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। डूबने वाले युवकों की पहचान 25 वर्षीय मोहम्मद फैज़ान और 19 वर्षीय मोहम्मद कैफ निवासी नौगावां सादात, अमरोहा के रूप में हुई है। एसडीआरएफ ने बताया कि घटना स्थल प्रतिबंधित घाट क्षेत्र में आता है और लोगों से असुरक्षित स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।