खालसी गांव की सड़क बनी विकास की नई पहचान, 4 किलोमीटर तक तेज़ी से चल रहा डामरीकरण कार्य
उत्तरकाशी जिले की चिन्यालीसौड़ तहसील अंतर्गत खालसी गांव में लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क अब नई चमक के साथ लोगों को राहत देने जा रही है। गांव में इन दिनों सड़क डामरीकरण का कार्य तेज़ी से जारी है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की हालत बेहद खराब थी। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, खासकर बरसात के समय हालात और भी खराब हो जाते थे।
स्थानीय ठेकेदार सुभाष राणा द्वारा करीब 4 किलोमीटर सड़क पर डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक है और काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं समाजसेवी कुलवीर कंडियाल ने कहा कि सड़क पर हो रहा डामरीकरण क्षेत्र के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को कार्य की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत या सुझाव है तो वह सीधे विभाग या ठेकेदार को अवगत करा सकता है।
इधर पत्रकार मिलाप चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य बेहतर तरीके से किया जा रहा है और इससे आने वाले समय में गांव की आवाजाही काफी आसान हो जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क बनने के बाद क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।



