
देवभूमि उत्तराखंड से एक अद्भुत और आस्था से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के ग्राम क्यारी दिचली में आज एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। दैविक कार्यक्रम के दौरान जब राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल कार्यक्रम में मौजूद थे, तभी अचानक देवी मां की पवित्र डोली उनकी ओर झुक गई। स्थानीय लोगों ने इसे देवी का विशेष आशीर्वाद और आने वाले समय के संकेत के रूप में देखा।
कार्यक्रम के दौरान न्याय के देवता भड़ेश्वर महादेव ने भी मंत्री को विजय का आशीर्वाद प्रदान किया। इस पूरे घटनाक्रम ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह भर दिया। मां दिन्याली देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के आराध्य देवता—मां राजराजेश्वरी दिन्याली देवी, जीतू बगड्वाल देवता और नृसिंह देवता के विहंगम नृत्य ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
बताया जा रहा है कि यमुनोत्री विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर रामसुंदर नौटियाल लगातार क्षेत्र के गांव-गांव में जनसंपर्क कर रहे हैं। ऐसे में इस घटना को राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल संयोग नहीं, बल्कि देव आशीर्वाद का स्पष्ट संकेत है।