टिहरी गढ़वाल।
दिनांक 26 मार्च 2026 को श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के परिसर चंद्रबदनी, नैखरी (टिहरी गढ़वाल) में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोलाखाल, देवप्रयाग के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मेडिकल ऑफिसर डॉ. राखी प्रजापति तथा नर्सिंग अधिकारी शीशपाल पवार द्वारा स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय की रेडक्रॉस नोडल अधिकारी डॉ. पूजा ने स्वयंसेवियों को रेड क्रॉस की गतिविधियों एवं प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के बारे में जानकारी दी। वहीं, जंतु विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद रावत ने स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खानपान एवं बीमारियों से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। रसायन विज्ञान विभाग के लैब असिस्टेंट राकेश भट्ट ने भी अपने विचारों से विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
श्रमदान सत्र के अंतर्गत स्वयंसेवियों ने हुणकोट मंदिर मार्ग एवं आसपास की पगडंडियों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यक्रम अधिकारी एस.के. भट्ट ने स्वास्थ्य विभाग से आए चिकित्सकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. वेदनिधि गोनियाल, डॉ. शाकिर शाह, श्री अखिलेश कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



