टिहरी जनपद के प्रताप नगर विधानसभा क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। लंबगांव क्षेत्र के ग्राम क्यारी के पास चारगांव रोड पर एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
नमस्कार, मैं कविता जैन, आप देख रहे हैं गढ़वाल तक।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंपर माजफ क्षेत्र से माल खाली कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वाहन क्यारी गांव के ऊपर स्थित मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ रहा था, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और डंपर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में डंपर चालक सूरज राठौड़ (44 वर्ष), निवासी बहराइच (उत्तर प्रदेश) और उनके साथ सवार गजेन्द्र सिंह रांगड़ (36 वर्ष), निवासी ग्राम रौणिया, की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दोनों घायलों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।