

ऋषिकेश में बड़ा हादसा: गंगा स्नान के दौरान मेरठ के 2 पर्यटक बहाव में बहे, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगटाली पुल के पास गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेरठ से घूमने आए पर्यटकों के एक समूह में शामिल महिला और पुरुष तेज बहाव की चपेट में आकर गंगा में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत छह लोग अवकाश के चलते ऋषिकेश घूमने आए थे। सभी सिंगटाली पुल के पास गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से ऋतु (30) पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी मेरठ और नरेश उपाध्याय (42) निवासी जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला और ब्यासी टीम मौके पर पहुंची और गंगा किनारे सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। प्रभारी निरीक्षक एसडीआरएफ कविंद्र सजवाण ने बताया कि नदी का बहाव काफी तेज है, जिस कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तलाश अभियान चला रही हैं।
प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें और चेतावनी वाले स्थानों पर नदी में उतरने से बचें।