



गढ़वाल तक न्यूज चैनल पर खबर प्रकाशित होने के बाद चिन्यालीसौड़ के नागथली से गढ़वाल गाड़ खालसी मोटर मार्ग पर चल रहे अवैध खनन मामले में प्रशासन हरकत में आ गया। गुरुवार को उत्तराखंड राजस्व प्रशासन की टीम राजस्व उपनिरीक्षक के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि क्षेत्र से अवैध रूप से बड़ी मात्रा में बजरी निकाली गई है।
प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध खनन करते हुए दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें और प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन के कारण सड़क और आसपास के क्षेत्र में भू-धंसाव का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे भविष्य में बड़ा नुकसान हो सकता है। प्रशासन ने साफ किया कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।