देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परेड मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ के तहत प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने 401.86 करोड़ रुपये की लागत से कुल 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिससे राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर और बुनियादी सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में खासतौर पर नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत दून के सपेरा बस्ती में आधुनिक 15 एमएलडी एसटीपी और सीवर सिस्टम के निर्माण की घोषणा की गई। इसके साथ ही आराघर चौक से मोथरोवाला और सहारनपुर चौक से पथरीबाग तक सीवर लाइन परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई। इंदिरानगर, ओम सिटी, कुसुम विहार और चमन विहार जैसे क्षेत्रों में सीवरेज और जल निकासी सुधार के लिए करोड़ों की योजनाएं शुरू की गई हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए शव विच्छेदन गृह, शीत श्रंखला और सभागार निर्माण जैसी परियोजनाएं भी शामिल हैं। वहीं, मसूरी और डोईवाला क्षेत्र में बांदल, सुसवा और जाखन नदियों पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों को मंजूरी दी गई है। नहरों के जीर्णोद्धार और पुनरोद्धार की कई योजनाएं भी इस पैकेज में शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से प्रदेश में विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा आम जनता को सीधे लाभ मिलेगा।
