देहरादून मर्डर केस: बीटेक छात्र पर ताबड़तोड़ हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

0

dehradun news

1774343076104.png

देहरादून में छात्र की हत्या से सनसनी: वर्चस्व की लड़ाई में गई जान, 3 आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मुजफ्फरनगर से पढ़ाई करने आए बीटेक छात्र दिव्यांशु जाटराना की आपसी रंजिश और कॉलेज में वर्चस्व की लड़ाई के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना थाना प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में सोमवार रात उस समय हुई, जब छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए।

जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु जाटराना उत्तरांचल यूनिवर्सिटी का छात्र था और अपने दोस्तों के साथ ‘बावा की रसोई’ में खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान दूसरे गुट के छात्रों के साथ कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि 15-20 छात्रों ने मिलकर दिव्यांशु पर लाठी-डंडों और फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया। एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से उसे दून अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर 15 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, दंगा और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के बीच पहले से ही वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने इस खौफनाक घटना का रूप ले लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना के बाद न सिर्फ देहरादून, बल्कि मृतक के गांव में भी शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed