9 साल से सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी की उम्मीद अब जनसहयोग से मजबूत होती नजर आ रही है। इंद्रमणि को सकुशल भारत वापस लाने के लिए गांव-गांव में सामाजिक और राजनीतिक लोग अभियान चला रहे हैं और आर्थिक मदद जुटा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि एकत्र की जा चुकी है।
इसी मुहिम के तहत चिन्यालीसौड़ व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश मेहरा के नेतृत्व में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सहयोग राशि जुटाई। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-7 के सभासद मनवीर जी के सहयोग से कुल 57,372 रुपये एकत्र किए गए। इसके बाद यह धनराशि इंद्रमणि नौटियाल के घर पहुंचकर उनके परिजनों को सौंपी गई।
इस दौरान परिजनों ने मदद के लिए आगे आए व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सभी सहयोगियों का आभार जताया। सामूहिक प्रयासों से परिवार को उम्मीद है कि इंद्रमणि जल्द अपने वतन और अपनों के बीच लौट सकेंगे।








