IAS नरेंद्र भंडारी ने खालसी गांव में लगाई चौपाल, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
चिन्यालीसौड़। मुख्यमंत्री के अपर सचिव एवं नियोजन कार्य अधिकारी IAS नरेंद्र भंडारी अपने क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने चिन्यालीसौड़ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और विभिन्न विभागों के कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद IAS नरेंद्र भंडारी विकासखंड चिन्यालीसौड़ पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नरेंद्र भंडारी अपने पैतृक गांव खालसी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव में उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के समाधान को लेकर जानकारी ली।
गांव पहुंचने पर उन्होंने मां दिन्याली देवी और भगवान नरसिंह देवता के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और मांगें उनके सामने रखीं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश चंद रमोला, ब्लॉक प्रमुख रणवीर महंत, पूर्व प्रधान बल्डोगी सुभाष राणा, पूर्व प्रमुख रजनी कोटवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कुलवीर कंडियाल, तीनों खालसी गांवों के प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
दौरे के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ ग्रामीणों से सीधे संवाद पर भी जोर दिया गया।


