चिन्यालीसौड़ में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों का धरना तेज, समर्थन में उतरे समाजसेवी सुमन बडोनी
उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ स्थित आंगनबाड़ी कार्यालय में पिछले कई दिनों से आंगनवाड़ी महिला कार्यकर्त्रियों का धरना प्रदर्शन जारी है। अपनी लंबित मांगों को लेकर कार्यकर्त्रियां लगातार सरकार के खिलाफ आवाज उठा रही हैं और जल्द समाधान की मांग कर रही हैं। धरना स्थल पर कार्यकर्त्रियों ने बताया कि सीमित संसाधनों और कम मानदेय में वे वर्षों से मातृ एवं शिशु कल्याण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर अभी तक ठोस ध्यान नहीं दिया गया है।
इसी बीच आज प्रख्यात समाजसेवी सुमन बडोनी धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने कार्यकर्त्रियों से मुलाकात कर उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी बहनों का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
📌 कार्यकर्त्रियों की प्रमुख मांगों में मानदेय को ₹24,000 तक बढ़ाना, सेवा पूर्ण होने पर ₹10 लाख प्रोत्साहन राशि देना, ₹5000 मासिक पेंशन लागू करना तथा ₹200 की वर्तमान कटौती समाप्त करना शामिल है।
सुमन बडोनी ने इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील भी की है।




