उत्तरकाशी भटवाड़ी की मांगों को सड़क से सदन तक उठाएगी कांग्रेस, यशपाल आर्य और भुवन कापड़ी का बड़ा आश्वासन

0

उत्तरकाशी_न्यूज

IMG-20260710-WA0003

भटवाड़ी की जनहित मांगों को सड़क से सदन तक उठाएगी कांग्रेस, यशपाल आर्य और भुवन कापड़ी का आश्वासन

उत्तरकाशी, 10 जुलाई। भटवाड़ी क्षेत्र की जनहितकारी मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा से लेकर जनआंदोलन तक हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भटवाड़ी विकास संघर्ष समिति की तीन प्रमुख जनहितकारी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भटवाड़ी क्षेत्र की जनता लंबे समय से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग कर रही है। संघर्ष समिति की प्रमुख मांगों में भटवाड़ी मुख्यालय में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, गंगोरी से गंगोत्री तक ऑल वेदर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करना तथा भटवाड़ी तहसील, विकासखंड कार्यालय, अस्पताल और अन्य सरकारी विभागों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति शामिल हैं।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने इन मांगों को पूरी तरह न्यायोचित और जनहित से जुड़ा बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी भटवाड़ी की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा सत्र में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और राज्य सरकार पर इनके शीघ्र समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि भटवाड़ी संघर्ष विकास समिति का आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही इन मांगों के समर्थन में रही है और आगे भी संघर्ष समिति एवं क्षेत्रवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक बनाएगी।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, जिला संयोजक सेवादल कमल रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा विजेंद्र नौटियाल, जिला प्रवक्ता माधवेन्द्र रावत, पूर्व प्रधान अनवीर पंवार सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed