भारी बारिश से खालसी गांव में दहशत, रात 3 बजे प्रधान ने लोगों को सुरक्षित पहुंचाया पंचायत भवन
उत्तरकाशी जनपद सहित पूरे उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह भूस्खलन, उफनते नदी-नाले और सड़कों पर मलबा आने से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। इसी बीच चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के खालसी गांव में देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने ग्रामीणों की चिंता कई गुना बढ़ा दी। गांव के ऊपर से गुजर रही निर्माणाधीन सड़क से लगातार पत्थर और मलबा गिरने लगा, जिससे कई घरों पर खतरा मंडराने लगा और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खालसी गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान कुंवर सिंह कखवाड़ी ने रात करीब 3 बजे तेज बारिश के बीच स्वयं छाता लेकर गांव का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क किया और खालसी तथा छणद गांव के परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का अभियान शुरू किया। ग्रामीणों को पंचायत भवन तक सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां उनके ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी तत्काल कराई गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़क से गिरते पत्थरों के कारण लोग अपने घरों में रहने से भी डर रहे हैं। निर्माणाधीन सड़क से उत्पन्न खतरे ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान की तत्परता, संवेदनशीलता और साहस की सराहना करते हुए उनके इस मानवीय कार्य को सराहनीय बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में प्रधान एक सच्चे जनप्रतिनिधि और देवदूत की तरह उनके साथ खड़े रहे।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि खालसी गांव में हो रहे भूस्खलन का तत्काल स्थायी समाधान किया जाए, निर्माणाधीन सड़क की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए तथा भू-वैज्ञानिकों की टीम भेजकर क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।



