शादी से लौट रहे परिवार की कार खाई में गिरी, देहरादून की महिला की मौत; चार घायल
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग से शादी समारोह में शामिल होकर देहरादून लौट रहे लोगों की कार दैहलचौरी के पास अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में देहरादून निवासी 49 वर्षीय अनीता भट्ट की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ, जब चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। सूचना मिलते ही श्रीनगर थाने की पुलिस टीम बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल अनीता भट्ट को तुरंत श्रीकोट बेस अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घायलों की पहचान चालक रोहित थपलियाल (24), रश्मि देवी (45), सुधा देवी (54) और सुमन बिष्ट (26) के रूप में हुई है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

