उत्तरकाशी में निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 07 में कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि “भारत द्वार आश्रय पथ दीवार सुरक्षा कार्य” में ठेकेदार द्वारा गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं। इस कार्य के लिए लगभग 8.04 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन जमीन पर किए गए निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गांव को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जिसका उपयोग बुजुर्गों और स्कूली बच्चों द्वारा रोजाना किया जाता है। बावजूद इसके, निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे यह रास्ता अब लोगों के लिए खतरा बन गया है। आरोप है कि ठेकेदार ने नियमों की अनदेखी करते हुए कार्य को जल्दबाजी में और कम लागत में पूरा किया।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, बल्कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां तक दी गईं। मामले की जानकारी पहले भी नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




