

उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ में प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विकास खण्ड कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भागीरथी नदी घाटी प्राधिकरण के राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी का भी मुख्य अतिथि ने अवलोकन किया। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, स्वरोजगार और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आम जनता को दी गई। मंत्री नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने चार वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
कार्यक्रम में चिन्यालीसौड़ विकासखंड के प्रमुख रणवीर सिंह महंत, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, पूर्व जिलाध्यक्ष पूनम रमोला, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी कैलाश चंद्र रमोला सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिससे आयोजन को और अधिक सार्थकता मिली।