उपला टकनौर के सेलकू मेले में पहुंचे विजयपाल सजवाण, मां गंगा मंदिर में जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

0

uttarakashi_news

IMG-20260918-WA0071

उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने शुक्रवार को उपला टकनौर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुक्खी और मुखवा गांव में आयोजित पौराणिक सेलकू मेलों में शामिल होकर देव दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखीमठ, मुखवा में क्षेत्राधिपति भगवान समेश्वर महाराज के सानिध्य में आयोजित ऐतिहासिक सेलकू मेले में पूर्व विधायक सजवाण ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने भगवान समेश्वर महाराज के प्रसिद्ध डंगरिया आसन के दर्शन भी किए।

इस दौरान सजवाण ने कहा कि मां गंगा के मायके मुखवा आना उनके लिए हमेशा आत्मीय और अविस्मरणीय अनुभव रहा है। उन्होंने कहा कि सेलकू मेले में दिखाई देने वाली आस्था, उमंग और उत्साह देवभूमि की समृद्ध लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत तस्वीर पेश करता है।

उन्होंने मुखवा के ग्रामीणों को सदियों पुरानी इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत विजयपाल सजवाण ने मुखवा स्थित मां गंगा मंदिर में दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

सजवाण ने कहा कि देवभूमि के पावन धाम में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन और देश की निरंतर प्रगति की कामना करना उनके लिए श्रद्धा और आस्था का विषय है।

इसके बाद पूर्व विधायक सुक्खी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पौराणिक सेलकू मेले में प्रतिभाग किया। उन्होंने भगवान बैनाग देवता एवं समेश्वर महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें मेले की शुभकामनाएं दीं।

सजवाण ने कहा कि सेलकू जैसे पारंपरिक मेले सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, सामाजिक एकजुटता और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता जयवीर चौहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य खुशहाल नेगी, अशोक सेमवाल, कृपाराम सेमवाल, हरीश नौटियाल, शैलेश सेमवाल, सचेन्द्र प्रसाद सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल रावत, राजेंद्र राजू राणा, सुभाष रावत, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश नेगी, राजकेंद्र थनवान, पूर्व प्रधान सुदर्शन चौहान, धर्मेंद्र रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप राणा, लक्ष्मण रावत, सुखबीर राणा, सोनम रौतेला, मनोज नेगी, मानेंद्र रौतेला, विनोद नेगी और सोहनपाल राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों