दीपिका नौटियाल को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹2 लाख की मदद, इंद्रमणि की वतन वापसी की मुहिम को मिला सरकार का साथ

0

indramani_Nautiyal_Uttarkashi

IMG_20260831_22333543

उत्तरकाशी। सऊदी अरब में पिछले आठ वर्षों से कानूनी मामले में फंसे इंद्रमणि नौटियाल की सुरक्षित भारत वापसी के लिए चल रही मुहिम को अब सरकार की ओर से भी आर्थिक सहयोग मिला है। सोमवार को गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव पहुंचे भाजपा नेता किशोर भट्ट ने इंद्रमणि नौटियाल की बेटी दीपिका नौटियाल से मुलाकात की और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत ₹2 लाख की सहायता राशि का चेक उन्हें सौंपा।

इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए उनकी बेटी दीपिका नौटियाल ने जनसहयोग की मुहिम शुरू की थी। दीपिका की अपील के बाद उत्तराखंड समेत देशभर से लोग इस अभियान से जुड़े और आर्थिक सहयोग दिया। बताया गया है कि अब तक जनसहयोग के जरिए एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई जा चुकी है।

इस मौके पर किशोर भट्ट ने कहा कि इंद्रमणि नौटियाल की सुरक्षित घर वापसी केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि एक मानवीय विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इंद्रमणि की भारत वापसी को लेकर गंभीर हैं और इस संबंध में विदेश मंत्रालय तथा भारतीय दूतावास से संपर्क किया गया है।

किशोर भट्ट ने इंद्रमणि नौटियाल की वापसी के लिए सहयोग कर रहे सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार और पूरा प्रदेश नौटियाल परिवार के साथ खड़ा है और हरसंभव मदद का प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान किशोर भट्ट ने गोरसाड़ा गांव के ग्रामीणों से भी मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा उनके समाधान को लेकर आवश्यक पहल का भरोसा दिया।

indramani_Nautiyal_Uttarkashi
indramani_Nautiyal_Uttarkashi

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *