उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में 11 नवंबर से प्रस्तावित धरना एवं भूख हड़ताल आखिरकार प्रशासन के सकारात्मक रुख के बाद समाप्त हो गई है। आंदोलनकारी रमन कठैत ने बताया कि जिला प्रशासन के साथ वार्ता के दौरान उनकी सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
आंदोलन के दौरान सीओ उत्तरकाशी स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम पर खेद व्यक्त किया। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कराने का ठोस आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक सहमति मिलने के बाद रमन कठैत ने संघर्ष की सफलता की घोषणा करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया।
रमन कठैत ने इस न्याय की लड़ाई में साथ देने वाले क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक दलों के नेताओं और युवाओं का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने पूर्व प्रमुख कनकपाल परमार, भूपेश कुड़ियाल, शिशुपाल पोखरियाल, मधु रावत, पृथ्वीपाल मटूड़ा, मनीष पंवार, आदित्य चौहान, जसपाल चौहान, नवीन भंडारी, संजीता राणा, विष्णु पाल परमार, सूरज रावत, जावेद खान, आयुष बिष्ट, अनुराग रंगड़, उत्तम गुसाईं सहित तमाम सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी साथियों की एकजुटता और समर्थन ने इस संघर्ष को मजबूती दी। यह जीत सामूहिक प्रयास और न्याय की आवाज बुलंद करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के सहयोग का परिणाम है।

