गंगोत्री की सियासत में नया दांव? राजदीप परमार का ‘मानदेय से कन्यादान’ मॉडल चर्चा में

0

Rajdeep_Parmar_ uttarakashi

IMG_20260828_08454389

उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा की सियासत में डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने अपने एक फैसले से जनसेवा की राजनीति का नया संदेश देने की कोशिश की है। अपने एक साल के कार्यकाल में मिले पूरे मानदेय के बराबर अपनी ओर से भी धनराशि जोड़कर उन्होंने क्षेत्र की आठ जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 21-21 हजार रुपये के चेक सौंपे। इस दौरान उन्होंने बेटियों को राखी बांधकर उनके सुखद भविष्य की कामना भी की।

राजदीप परमार ने अपनी चारों पट्टियों से जरूरतमंद परिवारों का चयन किया। खास बात यह रही कि इस पहल में ब्राह्मण, राजपूत और अनुसूचित जाति के गरीब परिवारों की बेटियों को शामिल किया गया। उनका कहना है कि राजनीति उनके लिए केवल पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में खड़े होने का जरिया है।

राजदीप परमार ने इस मौके पर अपने वर्तमान कार्यकाल से आगे की राजनीति को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में जनता उन्हें जिस भी पद पर सेवा का अवसर देगी, उस पद से मिलने वाले मानदेय को जरूरतमंद परिवारों और बेटियों के हित में लगाने का प्रयास जारी रहेगा।

गंगोत्री विधानसभा से विधायक पद की दावेदारी कर रहे राजदीप परमार ने यहां तक कहा कि अगर जनता उन्हें विधायक चुनती है, तो विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन और भत्ते को भी जरूरतमंद बेटियों और गरीब परिवारों की मदद के लिए समर्पित करने की पहल करेंगे।

राजदीप परमार की इस पहल को उनकी राजनीतिक सक्रियता और आगामी सियासी तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पिछले एक साल से क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे राजदीप ने अपने मानदेय को निजी लाभ के बजाय गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में लगाने का फैसला कर “पद नहीं, सेवा पहले” का संदेश देने की कोशिश की है।

सियासत में जहां पद और सत्ता को अक्सर व्यक्तिगत लाभ से जोड़कर देखा जाता है, वहीं राजदीप परमार का यह कदम एक अलग राजनीतिक संदेश पेश कर रहा है—जनप्रतिनिधि को मिलने वाला मानदेय समाज के जरूरतमंद लोगों के काम भी आ सकता है।

अब सवाल यह है कि “मानदेय से कन्यादान” की यह पहल गंगोत्री विधानसभा की सियासत में राजदीप परमार को कितनी नई पहचान दिलाती है। फिलहाल, उनकी इस पहल ने क्षेत्र की राजनीति में चर्चा जरूर तेज कर दी है।

गंगोत्री विधानसभा
गंगोत्री विधानसभा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *