उत्तरकाशी। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के बनचौरा में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन के संबंध में गुरुवार को जिलाधिकारी आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार श्री रामसुन्दर नौटियाल और जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य ने आंदोलनरत ग्रामीणों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बनचौरा की पांचों मांगों की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी मांगों के प्रभावी और शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री रामसुन्दर नौटियाल ने कहा कि बनचौरा की जनता की मांगें न्यायोचित हैं और जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी जायज मांगों के लिए लंबे समय तक संघर्ष न करना पड़े, इसके लिए सभी मामलों का समयबद्ध और ठोस समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
राज्य मंत्री ने कहा कि बनचौरा की जनता के सम्मान और अधिकारों के लिए हर स्तर पर आवाज उठाना उनका दायित्व है। उन्होंने दोहराया कि जनता की समस्या को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए समाधान तक प्रयास जारी रहेंगे।
