यमुनोत्री विधानसभा में रक्षाबंधन के अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान को हजारों माताओं, बहनों और बेटियों ने राखी बांधकर अपना स्नेह, आशीर्वाद और सम्मान दिया। महिलाओं के इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत मनवीर चौहान ने कहा कि बहनों द्वारा उनकी कलाई पर बांधी गई हर राखी उनके लिए महज एक धागा नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प है।
मनवीर चौहान ने कहा कि जिस आत्मीयता के साथ यमुनोत्री की माताओं और बहनों ने उन्हें अपना भाई और बेटा मानकर स्नेह दिया है, वह उनके लिए जीवनभर की पूंजी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की माताओं-बहनों के सम्मान, अधिकार, बच्चों के भविष्य और यमुनोत्री के विकास के लिए वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि पहाड़ की महिलाएं रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनें। युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर रोजगार और अवसर मिलें, पलायन रुके और गांवों में फिर से खुशहाली और रौनक लौटे।
मनवीर चौहान ने कहा कि यमुनोत्री की जनता का स्नेह उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और क्षेत्र की सेवा ही उनका सबसे बड़ा संकल्प है।


