चिन्यालीसौड़। विकासखंड चिन्यालीसौड़ के श्रीकोट (पट्टी बिष्ट) में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” (सेवा पखवाड़ा) के अंतर्गत एक भव्य जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री एवं भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामसुन्दर नौटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री रामसुन्दर नौटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सेवा पखवाड़ा के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों से सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी डुंडा देवानंद शर्मा, तहसीलदार चिन्यालीसौड़, खंड विकास अधिकारी रमोला, जिला पंचायत सदस्य दीपेन्द्र कोहली, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि वीरेन्द्र वर्धन, वरिष्ठ पदाधिकारी जगवीर भंडारी, श्रीकोट के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, नवनिर्वाचित उपप्रधान आलेन्द्र कैन्तुरा, जिला सह-संयोजक सैनिक प्रकोष्ठ विशन सिंह कोटवाल, उदयपाल परमार, पत्रकार विवेक बिष्ट, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। जनसेवा शिविर में लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे, जिनके समाधान का भरोसा अधिकारियों ने दिया।

