टिहरी जिले के थाना छाम क्षेत्र के सांकरी गांव का रहने वाला अग्निवीर सूरज भट्ट रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। सूरज वर्ष 2024 में अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती हुआ था और उसकी तैनाती दार्जिलिंग में थी। परिवार के अनुसार, वह 12 जून को छुट्टी पर घर आया था और 16 जून को ड्यूटी पर लौटने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन दार्जिलिंग स्थित अपनी यूनिट तक नहीं पहुंचा। कई दिनों तक कोई संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने 27 जून को थाना छाम में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सेना से जानकारी जुटाई है और जगह-जगह गुमशुदगी के पोस्टर लगाकर तलाश शुरू कर दी है। सैन्य अधिकारियों के अनुसार, सूरज बिना सूचना दिए अपनी तैनाती स्थल से चला गया था। फिलहाल पुलिस और परिवार उसकी तलाश में जुटे हैं।