ऋषिकेश में खोया विदेशी महिला का पासपोर्ट, देहरादून police ने लौटाई मुस्कान; भावुक होकर लगाया गले
देवभूमि उत्तराखंड से एक ऐसा भावुक मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। ऋषिकेश घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक का पासपोर्ट, मोबाइल फोन और भारी मात्रा में नकदी से भरा बैग अचानक कहीं गुम हो गया। दूसरे देश में जरूरी दस्तावेज खो जाने के कारण महिला बेहद घबरा गई और उसकी आंखों में डर साफ दिखाई देने लगा। पासपोर्ट खोने की वजह से वह न सिर्फ अपनी यात्रा को लेकर चिंतित थी बल्कि अपने देश वापस लौटने की उम्मीद भी टूटती नजर आ रही थी।
मामले की सूचना मिलते ही देहरादून पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की मदद से खोजबीन शुरू की और कुछ ही घंटों में महिला का पूरा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया। जब पुलिस अधिकारियों ने महिला को उसका बैग और पासपोर्ट वापस सौंपा तो वह खुशी से भावुक हो उठी। उसने अपना पासपोर्ट सीने से लगाया और सामने खड़े पुलिसकर्मी को गले लगा लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उत्तराखंड पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और मानवीय व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं।