23 साल की महिला प्रधान से बदसलूकी, वीडियो वायरल होते ही 75 वर्षीय बुजुर्ग ने पैर पकड़कर मांगी माफी
उत्तराखंड के पौड़ी जनपद की मरोड़ा ग्राम पंचायत में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 23 वर्षीय महिला ग्राम प्रधान वीरा (बिरमा) रावत ने गांव के एक बुजुर्ग व्यक्ति पर अभद्र व्यवहार और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीरा रावत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए बताया कि वह गांव में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने निकली थीं। इसी दौरान गांव के 75 वर्षीय व्यक्ति ने उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। महिला प्रधान के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया और जबरन खींचने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। बढ़ते विवाद और कानूनी कार्रवाई के डर से आरोपी बुजुर्ग ने ग्रामीणों और पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद उसने महिला प्रधान के पैर छूकर माफी मांगी।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग महिला प्रधान के साहस की सराहना कर रहे हैं और महिलाओं के सम्मान को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं।

