ओलावृष्टि से तबाही: किसानों की फसलों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग तेज
उत्तरकाशी जनपद में 24 अप्रैल 2026 को हुई भारी ओलावृष्टि और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। विकासखंड चिन्यालीसौड़ समेत जनपद के कई क्षेत्रों में गेहूं की खड़ी फसल, नकदी फसल और बागवानी को व्यापक नुकसान पहुंचा है। अचानक आई इस आपदा से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता और निराशा का माहौल देखा जा रहा है।
इस बीच, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को ओलावृष्टि से हुए भारी नुकसान की जानकारी दी और किसानों के लिए शीघ्र मुआवजा तथा राहत पैकेज की मांग उठाई।
ओलावृष्टि के साथ-साथ तेज बारिश के कारण कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अंधेरे और दैनिक जरूरतों की समस्याओं का सामना करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने तत्काल जिला अधिकारी, उत्तरकाशी से फोन पर बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नुकसान का त्वरित सर्वे कर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।
दीपक बिजल्वाण ने भी कहा कि वे स्वयं मौके पर जाकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेंगे, ताकि उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जा सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे क्षेत्रवासियों के साथ खड़े हैं और हर संभव प्रयास करेंगे कि किसानों को राहत मिल सके तथा उनका मनोबल बना रहे।

