पहाड़ की बेटी ने किया कमाल! पौड़ी की मानसी बनीं सेना में लेफ्टिनेंट

0

Pauri Garhwal

n7098061021777031649889e7ee134f8dd5841b684325a24d0b6d77675a9997a5be00aa1b81657f129885f8.jpg

पहाड़ की बेटी ने रचा इतिहास: पौड़ी की मानसी रतूड़ी बनीं सेना में लेफ्टिनेंट

जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पाबौ स्थित ग्राम नाई की 22 वर्षीय मानसी रतूड़ी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे राठ क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। गुरुवार को कोलकाता में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद मानसी आधिकारिक रूप से भारतीय सेना का हिस्सा बन गईं।

मानसी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एसजीआरआर स्कूल पैठाणी से हाईस्कूल तथा देहरादून स्थित एसजीआरआर स्कूल पटेलनगर से इंटरमीडिएट पूरी की। इसके बाद उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) परीक्षा उत्तीर्ण की और मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (MNS) में चयनित हुईं। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद उन्हें लेफ्टिनेंट पद से सम्मानित किया गया।

सीमित संसाधनों के बावजूद मानसी ने अपने लक्ष्य को हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम पाया जा सकता है। उनके पिता राजेश रतूड़ी जूनियर हाईस्कूल जाख में सहायक अध्यापक हैं, जबकि माता उमा देवी गृहिणी हैं। परिवार ने बताया कि मानसी बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं।

गांव की युवा प्रधान यामिका रतूड़ी सहित क्षेत्र के लोगों ने मानसी को शुभकामनाएं दी हैं। शिक्षकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसी की यह सफलता पहाड़ की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी और युवाओं को आगे बढ़ने का हौसला देगी।

गौरतलब है कि इसी स्कूल के छात्र आदित्य कंडारी ने भी हाल ही में सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया था, जिससे इलाके में सैन्य सेवाओं के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed