रुद्रप्रयाग से बड़ी खबर: जिले में कक्षा 9 की 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा द्वारा नवजात बच्ची को जन्म देने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक और पुलिस तंत्र में हड़कंप मच गया है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए पुलिस पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, लगभग 11 दिन पहले परिजन छात्रा को पेट दर्द और पथरी की शिकायत बताकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों को गर्भावस्था की आशंका हुई, जिस पर उसे तत्काल उच्च उपचार के लिए श्रीनगर बेस चिकित्सालय रेफर किया गया। वहां अल्ट्रासाउंड जांच में गर्भ ठहरने की पुष्टि हुई और कुछ ही समय बाद छात्रा ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत बाल कल्याण समिति को सूचना दी। समिति के निर्देश पर नवजात को रुद्रप्रयाग की स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी की देखरेख में सुरक्षित रखा गया। जन्म के 11वें दिन प्रोबेशन अधिकारी, बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त उपस्थिति में हिंदू रीति-रिवाज से बच्ची का नामकरण संस्कार भी कराया गया।
एजेंसी प्रबंधक के अनुसार शिशु पूरी तरह स्वस्थ है और निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भारत सरकार के सीएआरए पोर्टल के माध्यम से विधिक दत्तक ग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उधर, छात्रा अब तक कथित आरोपी की पहचान नहीं बता सकी है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। पुलिस-प्रशासन पीड़िता की काउंसलिंग, मेडिकल साक्ष्य और परिजनों से पूछताछ सहित हर पहलू से जांच कर रहा है। पूरे जिले में घटना को लेकर चिंता और आक्रोश का माहौल है।