खानपुर की राजनीति में फिर घमासान: चैंपियन vs उमेश आमने-सामने, महापंचायत का ऐलान
हरिद्वार जनपद के खानपुर विधानसभा क्षेत्र की सियासत एक बार फिर उबाल पर है। भाजपा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन तथा निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच सोशल मीडिया पर तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। विवाद के ताजा दौर की शुरुआत उस वायरल वीडियो से हुई, जिसमें चैंपियन एक शादी समारोह में कथित रूप से नोट उड़ाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई और समर्थक-विरोधी आमने-सामने आ गए।
इस बीच चैंपियन ने पलटवार करते हुए दूसरा वीडियो जारी कर इसे अपनी छवि धूमिल करने की साजिश बताया। उन्होंने समर्थकों और “36 कौम” के लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए महापंचायत बुलाने का आह्वान किया है। चैंपियन का कहना है कि यह लड़ाई उनके स्वाभिमान और पूरे क्षेत्र की अस्मिता से जुड़ी है और विरोधी सुनियोजित तरीके से उन्हें बदनाम करने में जुटे हैं।
उधर उमेश कुमार ने भी तीखा जवाब देते हुए चुनौती दी कि चैंपियन अपनी कमाई से खरीदी गई संपत्तियों का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि “मान-सम्मान की बात आएगी तो पीछे नहीं हटूंगा,” और आरोप लगाया कि हर विवाद में बिरादरी की आड़ ली जाती है।
गौरतलब है कि दोनों नेताओं के बीच टकराव नया नहीं है। जनवरी 2025 में सोशल मीडिया विवाद जमीनी संघर्ष में बदल गया था और गोलीबारी तक की नौबत आ गई थी, जिसमें चैंपियन को करीब दो महीने जेल भी रहना पड़ा। ताजा बयानबाजी और महापंचायत के ऐलान के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने स्पष्ट किया है कि हरिद्वार की सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है।
अब निगाहें प्रस्तावित महापंचायत और दोनों पक्षों की अगली रणनीति पर टिक गई हैं, क्योंकि यह सियासी टकराव किसी भी समय नए मोड़ ले सकता है।