ब्रेकिंग न्यूज | टिहरी से बड़ी खबर
टिहरी जनपद के चंबा क्षेत्र स्थित गुल्डी गांव में आयोजित एक विवाह समारोह ने सामाजिक सरोकार और संस्कार की नई मिसाल पेश की है। यहां दुल्हन शिवानी रमोला ने अपनी शादी को नशामुक्त और सादगीपूर्ण बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए नॉनवेज और शराब को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया। उनके इस साहसिक कदम से पूरा विवाह कार्यक्रम पारंपरिक, शालीन और संस्कारयुक्त वातावरण में संपन्न हुआ, जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है।
शिवानी रमोला ने अपने इस निर्णय के माध्यम से युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया कि शुभ अवसरों पर दिखावे और नशे की संस्कृति से दूर रहकर भी खुशियां मनाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि यदि विवाह जैसे पावन संस्कारों में सादगी, संयम और परंपरा को प्राथमिकता दी जाए तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
“शराब नहीं, संस्कार” मुहिम के संयोजक सुशील बहुगुणा ने इसे सामाजिक जागरूकता की प्रेरक पहल बताते हुए कहा कि समाज परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है, और शिवानी ने इसका जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस सराहनीय पहल के लिए शिवानी रमोला को नशामुक्त विवाह संपन्न कराने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में महिला मंगल दल गुल्डी की मीनाक्षी सजवाण और रजनी सहित भाजपा की लक्ष्मी रावत, लक्ष्मी बहुगुणा, सुरेश चंद रमोला, सुनील रमोला, सोनिया रमोला, अनिल रमोला, हिमानी रमोला, नवीन रमोला, सुनेना रमोला, बालम चंद रमोला और रमेश चंद रमोला सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। शिवानी की यह पहल क्षेत्र में नशामुक्त और संस्कारयुक्त विवाह की नई प्रेरणा बनकर उभरी है।