भेड़ू का तमाशा मेले में पहुंचे विजयपाल सजवाण, भगवान समेश्वर महाराज के किए दर्शन

0

uttarakashi_news

IMG-20260914-WA0001

पौराणिक ‘भेड़ू का तमाशा’ मेले में पहुंचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भगवान समेश्वर महाराज के किए दर्शन

उत्तरकाशी। वरुणाघाटी क्षेत्र के उपरीकोट गांव में आयोजित त्रैवार्षिक पौराणिक ‘भेड़ू का तमाशा’ मेले के प्रथम दिवस गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण शामिल हुए। उन्होंने भगवान समेश्वर महाराज के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

यह मेला क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक मान्यताओं, लोकसंस्कृति और पशुपालन परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। इस अवसर पर सुदूर बुग्याली क्षेत्रों से सकुशल लौटने वाली भेड़ों को भगवान समेश्वर महाराज के मंदिर की परिक्रमा कराई जाती है। ग्रामीण इस परंपरा को देव आस्था और समृद्धि का प्रतीक मानते हैं।

पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक मेले और थौलू हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति और धार्मिक आस्था की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में भी उपरीकोट के ग्रामीणों द्वारा अपनी पौराणिक परंपराओं को श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवंत रखना सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। इस विरासत को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान ग्राम प्रधान भूपेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य हीरालाल शाह, अनिल रावत, राजेंद्र राजू राणा, मीरा, महावीर नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *