चिन्यालीसौड़। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली ‘श्याम’ ने क्षेत्र की बदहाल और जर्जर सड़कों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर सुलीठांग–औलदेर रोड, कोटबागी मोटर मार्ग और चिन्याली गांव तक जाने वाली सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार की मांग की है।
पालिका अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा कि इन मार्गों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों की ओर से सड़कों की स्थिति को लेकर लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
सड़क की बदहाली के साथ जल निकासी का मुद्दा भी उठाया
मनोज कोहली ने केवल सड़क के गड्ढों तक ही मामला सीमित नहीं रखा, बल्कि जल निकासी के लिए नालियों की कमी, निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क की चौड़ाई नहीं होने और पांच वर्षीय अनुरक्षण (Maintenance) दायित्व का उचित निर्वहन नहीं किए जाने का मुद्दा भी पत्र में उठाया है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के बाद उसके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और एजेंसी की है। इसके बावजूद सड़कें लगातार खराब होती जा रही हैं, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
दो दिन में काम शुरू और सात दिन में सड़कें गड्ढामुक्त करने की मांग
पालिका अध्यक्ष ने PMGSY को स्पष्ट समयसीमा देते हुए अधिकतम दो दिनों के भीतर सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्य धरातल पर शुरू करने और सात दिनों के भीतर संबंधित मार्गों को गड्ढामुक्त कर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज कराने के साथ ही उच्च न्यायालय एवं शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
डीएम और एसपी समेत अधिकारियों को भेजी पत्र की प्रतिलिपि
पालिका अध्यक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एआरटीओ और अधिशासी अभियंता PMGSY को भी भेजी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
मनोज कोहली ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि सीधे तौर पर आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा विषय हैं। ऐसे में जर्जर सड़कों की मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
अब देखना होगा कि पालिका अध्यक्ष की ओर से दी गई दो दिन में काम शुरू करने और सात दिन में सड़कें गड्ढामुक्त करने की समयसीमा के बाद PMGSY विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

