भल्डगांव के 35 परिवारों के विस्थापन की जगी उम्मीद, एक महीने में होगा संयुक्त सर्वे

0

Uttarkashi_news

IMG-20260911-WA0012

भल्डगांव के 35 परिवारों के विस्थापन की दिशा में बड़ी पहल, 32 दिन बाद स्थगित हुआ धरना

भल्डगांव के 35 प्रभावित परिवारों के विस्थापन की मांग को लेकर पिछले 32 दिनों से चल रहा धरना आखिरकार लिखित आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। धरना स्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने पर सहमति जताई।

धरने का नेतृत्व कर रहे उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री एवं भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल ने पुनर्वास निदेशक टिहरी एवं जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने भल्डगांव के प्रभावित 35 परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जल्द से जल्द संयुक्त सर्वे कराने का आग्रह किया।

अधिकारियों की ओर से मौके पर लिखित आश्वासन दिया गया कि प्रभावित परिवारों के लिए एक माह के भीतर संयुक्त सर्वे कराया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों की सहमति से 32 दिनों से चल रहा धरना स्थगित कर दिया गया।

रामसुंदर नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भल्डगांव के प्रभावित परिवारों के सुरक्षित विस्थापन और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

इस दौरान टीएचडीसी और पुनर्वास निदेशालय के अधिकारियों के साथ ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, एसडीएम डुण्डा देवानंद शर्मा, ग्राम प्रधान कमलू लाल सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *