BDC बैठक में जनहित के मुद्दों पर गरजे प्रधान संगठन के जिला उपाध्यक्ष देवराज बिष्ट, अधिकारियों को CDO ने दिए सख्त निर्देश
चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी। विकास खंड चिन्यालीसौड़ में आयोजित ब्लॉक विकास समिति (BDC) की बैठक में प्रधान संगठन उत्तरकाशी के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान बगोड़ी देवराज बिष्ट ने जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई अधिकारी और कर्मचारी जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते, जिससे आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से जनप्रतिनिधियों की बात को प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद कई विभाग इन निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं।
देवराज बिष्ट द्वारा उठाए गए मुद्दों का संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने बैठक में मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, उनके फोन कॉल का उत्तर दें तथा जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला उपाध्यक्ष बनने के बाद अपनी पहली BDC बैठक में देवराज बिष्ट ने पूरे जनपद में VB-G-RAM के अंतर्गत लंबित कार्य योजनाओं का शीघ्र संशोधन एवं स्वीकृति देने की मांग की, ताकि ग्राम पंचायतों में नए विकास कार्य शुरू हो सकें और स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं का समय पर धरातल पर उतरना बेहद आवश्यक है।
बैठक में उन्होंने उलण–गमरी मोटर मार्ग के निर्माण एवं कटिंग कार्य को तत्काल शुरू कराने की मांग उठाई, जिस पर संबंधित विभाग एवं प्रशासन ने आश्वासन दिया कि कार्य अगले दिन से प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके अलावा मल्ली–पुजारगांव (बगोड़ी) मोटर मार्ग तथा गोरुण मोटर मार्ग को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।
देवराज बिष्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उलण मोटर मार्ग, गोरुण मोटर मार्ग और पुजारगांव–बगोड़ी मोटर मार्ग के निर्माण की दिशा में जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता के साथ व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित सड़क परियोजनाओं के कारण ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने विकास खंड चिन्यालीसौड़ की सभी ग्राम पंचायतों में कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए कृषि विभाग के माध्यम से घेरबाड़ एवं तारबाड़ योजना स्वीकृत करने, ग्राम पंचायत बगोड़ी में ANM सेंटर की स्थापना तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय बगोड़ी के नवीन भवन के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान देवराज बिष्ट ने ग्राम पंचायत बगोड़ी, गमरी-दिचली क्षेत्र सहित पूरे विकासखंड चिन्यालीसौड़ की विभिन्न विकास संबंधी समस्याओं को भी विस्तार से सदन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल योजनाएं प्रस्तावित करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वे क्षेत्र के विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनहित से जुड़े हर मुद्दे को पूरी मजबूती और गंभीरता के साथ उठाते रहेंगे।