उत्तरकाशी: जनपद के डोडिताल क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। भटवाड़ी ब्लॉक की अस्सी गंगा घाटी स्थित पखोटी बुग्याल में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के बीच सैकड़ों भेड़-बकरियों के मारे जाने की सूचना है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मांझी गांव के पशुपालकों की लगभग 300 बकरियों की मौत हो गई है, जबकि करीब 250 बकरियां अभी भी लापता बताई जा रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में पशुपालकों के बीच शोक और चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोमवार रात खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। हालांकि, प्रशासन और पशुपालन विभाग की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही बकरियों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इस घटना से प्रभावित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने और प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रशासन की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।